कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क, पुलिस तथा अन्य जनहित से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने शिकायतों का विभागवार संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अतः सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करें तथा निर्धारित समयावधि में उनका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करना है। इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।












