नियमों का उल्लंघन करने वालों से 2.10 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला, बसों में सुरक्षा मानकों की भी हुई जांच
कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने 11 और 12 अक्टूबर की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 वाहनों के चालान किए गए और कुल 2 लाख 10 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और खराब नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई। इसके साथ ही ब्रीथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत बसों में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल किट, अग्निशमन सिलेंडर, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग सहित निर्धारित सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी इस तरह के आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही आमजन से अपील की गई कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।












