नवरात्रि-दशहरा पर अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई

 

डीएम व एसपी सुरेश ने शांति समिति की बैठक में दिए कड़े निर्देश, सुरक्षा, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर

जालौन। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शांति समिति की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए तथा अराजक तत्वों और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा आस्था, परंपरा और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक हैं। सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और पारस्परिक सम्मान के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्द में खलल डालने, अफवाह फैलाने अथवा जानबूझकर विवाद उत्पन्न करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समस्त उप जिलाधिकारी संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखें तथा स्थानीय आयोजकों और धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाए रखें। विद्युत विभाग को जर्जर एवं ढीले तार तत्काल दुरुस्त कराने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। वहीं, समस्त अधिशासी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन स्थलों एवं मार्गों पर भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी और पूर्व से प्रचलित परंपराओं के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित होंगे। सभी आयोजकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, रेस्टोरेंट एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के उसे प्रसारित न करें। त्योहारों को आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें