नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक

 

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दिए निर्देश

सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाएं रखें दुरुस्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पंडालों एवं मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

मूर्ति विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही होगा, सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य

कानपुर देहात। आगामी नवरात्रि, महाष्टमी एवं दशहरा/विजय दशमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, धार्मिक आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा पंडालों की स्थापना सुरक्षित स्थानों पर तथा उन्हीं स्थानों पर की जाए, जहां परंपरागत रूप से प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा अग्निशमन सुरक्षा के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (फायर एनओसी) सहित निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आयोजक अपने स्तर से वालंटियर तैनात करें, उन्हें पहचान-पत्र जारी करें तथा वालंटियरों की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों तथा उनके आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मूर्तियों का विसर्जन नदियों में नहीं किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित एवं चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा आवश्यकतानुसार गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि वाहनों पर श्रद्धालुओं एवं बच्चों को अनावश्यक रूप से बैठने से रोका जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों एवं शोभायात्रा मार्गों का पूर्व में ही निरीक्षण कर लिया जाए। मार्गों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक मरम्मत एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करा ली जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं शोभायात्राएं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाली जाएं। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए तथा परंपरागत कार्यक्रमों को ही निर्धारित नियमों के अनुसार सम्पन्न कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी आयोजन स्थलों एवं शोभायात्राओं में डीजे का संचालन निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप किया जाए। धार्मिक आयोजनों के दौरान अश्लील गाने एवं नृत्य किसी भी स्थिति में न हों। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी डीजे संचालकों को आवश्यक नोटिस जारी कर नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। सभी पंडालों एवं अन्य आयोजन स्थलों पर विद्युत कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर सभी पंडालों एवं शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित मार्गों को दुरुस्त रखने तथा प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे नगरीय क्षेत्रों में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में की गई तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को नियमित फुट पेट्रोलिंग करने, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा आवश्यकता के अनुसार सादे वस्त्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह के प्रसार की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में आए हुए गणमान्य नागरिकों से अपील की गई की किसी प्रकार की समस्या व सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अन्य सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 112 अथवा मोबाइल नंबर 9454457668 पर सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। विजयदशमी पर रावण दहन के लिए तैयार किए जाने वाले पुतलों में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने भी थाना प्रभारियों से तैयारियों की समीक्षा की तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए धार्मिक आयोजकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा हमारे सामाजिक सौहार्द, आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारी समय से तैयारियां पूर्ण कर लें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं धार्मिक आयोजक उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें