कानपुर देहात। पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (एमवीयू) के सुचारु संचालन एवं पशुपालकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कानपुर देहात डॉ. सुबोध कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खण्डों के लिए पशुधन प्रसार अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि निदेशक, रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में एमवीयू संचालन संबंधी कॉल प्राप्त करने एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को विकास खण्डवार जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार सौरभ कुमार गुप्ता (मो. 7905633796), पशुधन प्रसार अधिकारी को अकबरपुर, सरवनखेड़ा एवं मैथा विकास खण्डों की जिम्मेदारी दी गई है। देवेश कुमार यादव (मो.8115116390) को मलासा एवं अमरौधा, कृष्ण मोहन सिंह (मो. 8933996654) को झींझक, रसूलाबाद एवं डेरापुर तथा शैलेन्द्र कुमार सिंह (मो. 9760605445) को राजपुर एवं सन्दलपुर विकास खण्डों के लिए नामित किया गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि एमवीयू संचालन संबंधी कोई भी कॉल प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी एक पृथक पंजिका तैयार कर कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, दिनांक, समय एवं समस्या का विवरण अंकित करेंगे। इसके उपरांत संबंधित क्षेत्र के एमवीयू पशु चिकित्सक को सूचना देकर समस्या के त्वरित निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि की गई कार्यवाही से नोडल अधिकारी एमवीयू डॉ. रविन्द्र कुमार तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को भी अवगत कराया जाएगा, जिससे पशुपालकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।












