कानपुर देहात। विकासखंड अकबरपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की अध्यक्षता में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, प्रतिनिधि बउआ पांडे, मंडल अध्यक्ष आशीष दीक्षित एवं शिवा पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, प्रभारी खंड विकास अधिकारी हरीश कुमार राठौर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान राज्यमंत्री द्वारा दिव्यांगजनों एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत पेंशन प्रमाण-पत्र भी लाभार्थियों को वितरित किए गए।
शिविर में विकास विभाग, लघु सिंचाई विभाग, श्रम विभाग, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, मिशन प्रकृति, पशुपालन विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, लघु उद्योग, बेसिक शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, उद्योग विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, पंचायती राज, वन विभाग, विद्युत विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 288 आवेदन पत्र प्राप्त किए गए, जिनमें से 192 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर माननीय राज्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को उनके द्वार तक पहुंचाया जाए और आमजन को सरकारी योजनाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला।













