ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का जोरदार प्रदर्शन, कानपुर देहात में कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला
माती, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर रविवार को कानपुर देहात के जिला मुख्यालय माती में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। भोगनीपुर विधानसभा से विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जिला मुख्यालय माती पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ‘बबलू राजा’ ने किया। जनपद की चारों विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता माती पहुंचे। समाजवादी पार्टी के माती स्थित कार्यालय से कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुए।
कलेक्ट्रेट के सामने राष्ट्रगान के बाद जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ‘बबलू राजा’ ने संविधान के अनुच्छेद 326 को पढ़कर सुनाया तथा मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान राघव अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अधिकार है। समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बंटे पाल, वीरेंद्र निषाद, अमित यादव, हिमांशु यादव, काशिफ खान, सारनाम यादव, रामनारायण कठेरिया, बृजमोहन फौजी, कैलाश निषाद, राजेंद्र राजपूत, उमेश पटेल, आरपी पाल, रघुनाथ बाबा, यादवेंद्र प्रताप, विजयलक्ष्मी यादव, नीता सचान, मिथिलेश कटियार, अखिल अहमद, बनारसी बाबू पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।













