कानपुर देहात। रूरा कस्बे में बंद मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी के साथ स्कूटी, आला नकब और तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पालीवाल नगर निवासी महेशचंद्र तिवारी के बंद मकान में 21 सितंबर को चोरी हुई थी। मामले में थाना रूरा में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। रविवार को रूरा पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल तीन आरोपी स्कूटी से बनीपारा से सिठमरा की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने लक्ष्मणपुरवा गांव के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद स्कूटी सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी फिसलने से तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हिमांशु गौतम निवासी कर्रही, थाना बर्रा, कानपुर नगर घायल हो गया।
पुलिस ने घायल हिमांशु गौतम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि उसके साथी अविनाश सविता निवासी कर्रही और अजय कंजड़ निवासी दादानगर, कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण व नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, आला नकब, एक तमंचा 315 बोर, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।













