राष्ट्रीय योगासन में कालपी की बेटी नित्या ने जीता स्वर्ण, बढ़ाया जालौन का मान

 

गोवा में अंडर-17 वर्ग में शानदार प्रदर्शन, घर पहुंचने पर विधायक व कालपी प्रेस क्लब ने किया सम्मान

कालपी (जालौन)। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और वर्षों की मेहनत के दम पर कालपी की होनहार बेटी नित्या मेहरोत्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गोवा के मडगांव में आयोजित यूथ स्पोर्ट्स ऑल इंडिया नेशनल चैंपियनशिप-2026 में नित्या ने योगासन प्रतियोगिता के अंडर-17 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक एवं ट्रॉफी अपने नाम की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, एमएसवी इंटर कॉलेज तथा कालपी सहित पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है।

26 से 28 सितंबर तक हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता यूथ स्पोर्ट्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से गोवा के मडगांव स्थित चौगुले स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित की गई थी। इसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। नित्या ने 43 किग्रा भार वर्ग में योगासन की कठिन एवं संतुलित मुद्राओं का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

नित्या ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर पदक जीतना उनके स्वर्गीय बाबा आश कुमार खत्री का सपना था। उन्होंने कहा कि बाबा आज सशरीर उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका सपना हमेशा प्रेरणा देता रहा। उन्होंने अपने चचेरे बाबा विनोद कुमार खत्री के आशीर्वाद तथा पिता अनुज मेहरोत्रा के त्याग, संघर्ष और निरंतर प्रोत्साहन को अपनी सफलता का प्रमुख आधार बताया।

विधायक ने किया सम्मान, कहा—नित्या की सफलता से बेटियों को मिलेगी नई प्रेरणा

शनिवार को विधायक विनोद चतुर्वेदी सदर बाजार स्थित नित्या के आवास पहुंचे। उन्होंने छात्रा का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई और स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। विधायक ने कहा कि नित्या ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से न केवल अपने परिवार बल्कि कालपी और पूरे जालौन जनपद का गौरव बढ़ाया है। बेटियों की ऐसी उपलब्धियां समाज में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा करती हैं। नित्या की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र

में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। सरकार और समाज का दायित्व है कि प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने नित्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कालपी प्रेस क्लब ने शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान

राष्ट्रीय स्तर पर कालपी का नाम रोशन करने वाली नित्या के सम्मान में कालपी प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उनके आवास पहुंचे। क्लब की ओर से छात्रा का माल्यार्पण कर शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

इस मौके पर क्लब अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, संरक्षक ब्रजेन्द्र चौहान, महामंत्री पवनदीप निषाद, अशोक पुरवार, ज्ञानेंद्र मिश्रा, विवेक निगम, अवधेश बाजपेयी, शिवांग शुक्ला, आर० एन० शुक्ला, संजीव नगाइच, रोहिणी शर्मा, देवेंद्र चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्यों ने नित्या को बधाई दी। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि कालपी जैसे छोटे नगर की बेटी का राष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। नित्या ने यह साबित किया है कि प्रतिभा को यदि परिवार का सहयोग, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत मिले तो छोटे शहरों के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का हौसला देगी।

इस दौरान छात्रा के चचेरे बाबा विनोद खत्री, पिता अनुज खत्री, बुआ, मां, दादी तथा मोहल्ले के पूर्व सभासद राकेश पुरवार समेत परिजन एवं मोहल्लेवासी मौजूद रहे। घर पर दिनभर नित्या को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

आर०एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें