रायड दिवारा से गुलौली तक सीधा मार्ग बनवाने की मांग, संपूर्ण समाधान दिवस में सैकड़ों ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

 

कालपी (जालौन)। तहसील कालपी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम गुलौली सहित आसपास के ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय और गुलौली के बीच सीधा मार्ग बनवाए जाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम गुलौली, मौजा परगना कालपी से तहसील मुख्यालय कालपी आने के लिए सीधा रास्ता रायड दिवारा होकर जाता है। गुलौली से रायड दिवारा तक लगभग 7–8 किलोमीटर की दूरी में सड़क मार्ग उपलब्ध है, लेकिन रायड दिवारा से गुलौली के बीच पक्का संपर्क मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में गुलौली, सुरौली, हवेली, बगिया, मदरा लालपुर, पाली, मोहारी, मवई आदि गांवों के लोगों को तहसील मुख्यालय आने-जाने के लिए करीब 25 से 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। क्षेत्रीय लोगों के लिए कालपी बाजार, उपचार और बच्चों की शिक्षा के लिए भी कालपी आना आवश्यक होता है।

ज्ञापन में कहा गया कि सड़क मार्ग के अभाव में विशेषकर बरसात के समय आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है और आपात स्थिति में मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया तथा शासन स्तर पर भूमि संबंधी समस्या के समाधान का आश्वासन भी मिला, लेकिन अभी तक धरातल पर मार्ग निर्माण की कार्रवाई नहीं हो सकी।

ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य से रायड दिवारा से गुलौली के बीच सीधे पक्के संपर्क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग बनने से गुलौली सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को तहसील मुख्यालय, बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

आर०एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें