महात्मा गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कृषक वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित

कानपुर देहात। महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, दलीप नगर, कानपुर देहात में कृषक वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को कृषि की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान प्रदान करना ।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र दलीप नगर के वैज्ञानिक डॉ. खलील खान, डॉ. अजय सिंह एवं डॉ. राजेश राय द्वारा कृषकों को विभिन्न कृषि विषयों पर तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। वैज्ञानिकों ने कृषकों को उन्नत बीजों का प्रयोग, मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, फसल उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि लागत कम करके उत्पादन बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर कृषि विभाग के तकनीकी सहायक अशोक कुमार विश्वकर्मा,  सूर्यप्रताप, राधेश्याम इत्यादि द्वारा कृषि विभाग में संचालित विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी कृषकों को दी गई। उन्होंने किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं पात्रता के संबंध में भी अवगत कराया तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कृषि सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषकों द्वारा खेती से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं जिज्ञासाएं वैज्ञानिकों के समक्ष रखी गईं, जिनका वैज्ञानिकों द्वारा समाधान एवं आवश्यक तकनीकी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। उपस्थित कृषकों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने तथा कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र से निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की गई।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें