इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के नामांकन को लेकर डीएम समीर ने की बैठक

 

29 सितंबर से शुरू होगा नामांकन, 6 अक्टूबर अंतिम तिथि; राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी

जालौन। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के नामांकन की प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया एवं निर्धारित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी संबंधितों से निर्वाचन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सहयोग की अपेक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 सितंबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी, जो प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 9 अक्टूबर 2026 को होगी। नामांकन न्यायालय कक्ष, आयुक्त, झांसी मंडल, झांसी में किया जाएगा। बैठक में नामांकन के लिए निर्धारित जमानत राशि के संबंध में भी जानकारी दी गई। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित है। जमानत राशि नकद रूप में रिटर्निंग ऑफिसर के पास अथवा भारतीय रिजर्व बैंक/सरकारी कोषागार में जमा की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम एवं एजेंडा की प्रति उपलब्ध कराते हुए नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेम चन्द्र मौर्य, उपजिलाधिकारी उरई उत्तम कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी जालौन राकेश सोनी सहित भारतीय जनता पार्टी से विवेक कुशवाहा, बहुजन समाज पार्टी से भगवती शरण पांचाल, सीपीआईएम से विनोद कुमार नगरिया, समाजवादी पार्टी से राजीव शर्मा एवं जमालुद्दीन, अपना दल (सोनेलाल) से अनिल कुदारी एवं रोहित राठौर, कांग्रेस से राजकुमार, आम आदमी पार्टी से विनय चौरसिया सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें