शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान, मुख्यमंत्री के उद्बोधन का हुआ सजीव प्रसारण

कानपुर देहात। शिक्षक दिवस के अवसर पर इको पार्क, कानपुर देहात में उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरखपुर से  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की अध्यक्षता में आयोजित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के समर्पित, नवाचारी एवं शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान समारोह, राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार-2025 वितरण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री  के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  द्वारा कानपुर देहात के उच्च प्राथमिक विद्यालय अन्ता, रसूलाबाद में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत  विनीत कुमार मिश्र को सम्मानित किया गया।
इको पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री  राकेश सचान , राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला ,  विधान परिषद सदस्य डॉ. अरुण पाठक ,  विधान परिषद सदस्य  अविनाश सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक  श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं संबंधित अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने, नवाचार अपनाने, विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने वाले लगभग 100 शिक्षक-शिक्षिकाओं को जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान  कैबिनेट मंत्री  राकेश सचान  ने उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति एवं सम्मान प्रदान करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार निरंतर समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान देने के लिए शुभकामनाएं दीं।  राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्य डॉ. अरुण पाठक एवं अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि उनके भविष्य को दिशा देने वाले राष्ट्र निर्माता हैं। शिक्षक की सकारात्मक सोच, मेहनत एवं मार्गदर्शन का प्रभाव विद्यार्थी के साथ-साथ पूरे समाज पर पड़ता है। ऐसे में शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, चरित्र एवं संस्कारों का निर्माण करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षकों के सम्मान तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षकों के सम्मान से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य शिक्षक भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री  के उद्बोधन एवं शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा, संवेदनशीलता एवं नवाचार के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपेक्षा की गई कि वे अपने ज्ञान, अनुभव एवं नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर योगदान देते रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)  अमित कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें