लाइनमैन ने नहीं उठाया फोन, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से तार हटाकर बचाई जान
राजपुर, कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के अफसारिया गांव में मंगलवार को बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरने से 37 वर्षीय दयाशंकर पुत्र पतिराम करंट की चपेट में आ गए। बारिश के कारण जमीन गीली होने से हादसा और गंभीर हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, तार टूटने की सूचना तत्काल संबंधित लाइनमैन को फोन पर दी गई, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसी दौरान तार हटाने का प्रयास करते समय दयाशंकर करंट की चपेट में आ गए और तार से चिपक गए।
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से तार को हटाया और दयाशंकर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई। काफी देर बाद बिजली आपूर्ति बंद की जा सकी।
घायल दयाशंकर को तत्काल राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर सलिल सचान ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दयाशंकर की बड़ी भाभी लता और ग्रामीण अकीदा ने आरोप लगाया कि लाइनमैन को घटना की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन फोन नहीं उठाने के कारण हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और गांव में जर्जर बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
अवर अभियंता राहुल साहू ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जर्जर तारों को बदलवाया जाएगा। लापरवाही मिलने पर लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात









