बिठूर। थाना बिठूर क्षेत्र के ग्राम भेड़हिया निवासी 30 वर्षीय राहुल पुत्र राधेश्याम बीती रात करीब 9:30 बजे अपने बुआ के बेटे सुजीत (23) को उसके घर उन्नाव के ग्राम माढ़ापर छोड़ने जा रहा था। घर से कुछ दूर नून नदी के पुल पर कथित रूप से किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से राहुल बाइक से गिरकर वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कल्याणपुर-बिठूर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर चार थानों का पुलिस बल और एसीपी बिल्हौर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।









