कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जिले के सभी सर्किल स्तर पर “परिवार जागृति” विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग कर आपसी संवाद और समझौते के जरिए समाधान का प्रयास किया गया।
अकबरपुर, रसूलाबाद, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल में आयोजित केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और पुलिस अधिकारियों ने मामलों की सुनवाई की। अकबरपुर में 6, रसूलाबाद में 3, भोगनीपुर में 1 और सिकंदरा में 1 परिवार में आपसी सहमति से समझौता कराया गया।
इस तरह कुल 11 परिवारों को दोबारा एक सूत्र में जोड़ते हुए उनके पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग करते हुए अगली सुनवाई की तारीख निर्धारित की गई। पुलिस का कहना है कि “परिवार जागृति” केंद्रों के माध्यम से परिवारों में संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।









