एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को बताया अनुचित, तहसील परिसर में धरने पर बैठे लेखपाल
कालपी (जालौन)। जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्ष दीप को एंटी करप्शन टीम द्वारा रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के विरोध में शनिवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर कालपी तहसील के लेखपालों ने एकदिवसीय कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
तहसील परिसर कालपी में लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष जयवीर सिंह की अध्यक्षता में करीब 15 से 20 लेखपाल धरने पर बैठे। धरना सुबह करीब 11:40 बजे शुरू हुआ, जो निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाम तक जारी रहा। इस दौरान लेखपालों ने अयोध्या के लेखपाल उत्कर्ष दीप के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विरोध जताया।
लेखपाल संघ का आरोप है कि अयोध्या में उत्कर्ष दीप को साजिश के तहत फंसाया गया। संघ की ओर से कहा गया कि उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में प्रथम दृष्टया रिश्वत की मांग किए जाने का कोई स्पष्ट तथ्य दिखाई नहीं देता। संघ ने आरोप लगाया कि लेखपाल की फाइल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे रखे जाने के बाद एंटी करप्शन टीम को बुलाकर उसे फर्जी तरीके से ट्रैप कराया गया और मुकदमा दर्ज कराया गया।
लेखपालों ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के विरुद्ध निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है, लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी के विरुद्ध गलत अथवा सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई स्वीकार नहीं की जा सकती। ऐसी कार्रवाई से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है और उनके सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा तथा पारिवारिक जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।
संघ ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर यदि कार्रवाई गलत पाई जाती है तो लेखपाल उत्कर्ष दीप के विरुद्ध की गई कार्रवाई समाप्त करने तथा दोषी अधिकारियों अथवा कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ द्वारा प्रदेश की समस्त तहसीलों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर लेखपालों ने अपनी-अपनी तहसीलों में धरना दिया है। इसी क्रम में कालपी तहसील में भी लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या के सोहावल तहसील क्षेत्र में लेखपाल उत्कर्ष दीप को 20 अगस्त को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद एसडीएम सोहावल ने 21 अगस्त को उन्हें निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई के विरोध में लेखपाल संघ अब प्रदेश स्तर पर विरोध दर्ज करा रहा है।
आर० एन० शुक्ला पत्रकार












