कानपुर देहात। भोगनीपुर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा की बैट्री चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 बैट्रियां और एक ऑटो बरामद किया है। ऑटो को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पुखरायां निवासी नौशाद ने 20 अगस्त को ई-रिक्शा की बैट्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
21 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिदखुरी तिराहे से हरदुआ अंडरपास के पास ऑटो सवार चार संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। तलाशी में उनके कब्जे से 9 चोरी की बैट्रियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने ई-रिक्शा से बैट्रियां चोरी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश, दीपक बाल्मीकि, सौरभ कुमार और सागर कश्यप, निवासी पुखरायां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात में ऑटो से घूमकर घरों के बाहर खड़े ई-रिक्शा से बैट्रियां चोरी करते थे और उन्हें फेरीवालों या ग्राहकों को सस्ते दामों में बेच देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने 17 और 19 अगस्त की रात पुखरायां के वार्ड नंबर-3 से भी ई-रिक्शा की बैट्रियां चोरी करने की बात बताई। आरोपी बरामद बैट्रियों को कानपुर में बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। चारों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












