भोगनीपुर में गांव-गांव पहुंचे सपा विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री, लोगों के सुख-दुख में हुए शामिल

 

महंगाई, खाद की किल्लत और गांवों की बदहाल सड़कों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

सरमन खेड़ा/कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने शुक्रवार को भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के सरमन खेड़ा ब्लॉक के दर्जनों गांवों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर उनकी समस्याएं सुनीं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

ग्राम जमरही में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मेवालाल जी की धर्मपत्नी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। राघव अग्निहोत्री उनके निज निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं सिकंदरपुर निवासी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह यादव के बड़े भाई के निधन पर भी उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

इसके बाद ग्राम कोसम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र राठौर से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। राघव अग्निहोत्री ने गजनेर, सरमन खेड़ा सहित आसपास के गांवों में दर्जनों लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने कहा कि आज किसान खाद के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा है और कई स्थानों पर खाद उपलब्ध नहीं है। महंगाई का असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। शक्कर का भाव करीब 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जिससे आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार पर जनता और किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया।

राघव अग्निहोत्री ने कहा कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाकर लखनऊ भेजने का लक्ष्य लेकर गांव-गांव संगठन को मजबूत करें।

उन्होंने समाजवादी पार्टी की प्रस्तावित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की सहयोग राशि, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, किसानों की सिंचाई मुफ्त तथा ट्यूबवेलों के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने स्मार्ट मीटर से राहत दिलाने की बात भी कही।

राघव अग्निहोत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कों और जलापूर्ति की समस्या पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के तीरथपुर गांव सहित कई गांवों में बारिश के बाद रास्तों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। ग्रामीणों का पैदल निकलना भी मुश्किल है। हर घर जल योजना के तहत कई गांवों में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं पहुंची है। पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन उनका समुचित सुधार नहीं कराया गया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से परेशान है और आने वाले समय में इन समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डाक बाबू यादव, धीरू मिश्रा, उत्तम ठाकुर, राजेश यादव, रामकुमार कठेरिया, योगेंद्र राठौर, वीरेंद्र सिंह चौहान, हिमांशु सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें