कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 544 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें और वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।











