जेवरात और नकदी ठगी करने वाले आरोपियों से ₹11 हजार, सोने-चांदी के आभूषण, तमंचे व दो बाइक बरामद
कानपुर देहात। थाना रसूलाबाद पुलिस ने चोरी, छिनैती, धोखाधड़ी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर एक ठग गिरोह का खुलासा किया है। आरोपी ‘सिद्ध बाबा’ बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और अनहोनी का भय दिखाकर महिलाओं से जेवरात व नकदी ठग लेते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पीली व सफेद धातु के आभूषण, ₹11 हजार नकद, अवैध तमंचे-कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, रसूलाबाद क्षेत्र में 16 और 18 अगस्त को महिलाओं और दंपती को झांसे में लेकर जेवरात व रुपये ठगने की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 20 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर तीन संदिग्ध नारखास से रसूलाबाद की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर से नारखास जाने वाली सड़क पर चेकिंग शुरू की। सामने से दो मोटरसाइकिलों पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि उनका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरूख निवासी नौरंगाबाद, थाना रूरा और शमीर निवासी जल्लापुर सिकंदरा, थाना राजपुर के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान हुसैन निवासी बैंदा, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने शाहरूख के पास से एक तमंचा, कारतूस, पीली धातु के आभूषण, ₹5 हजार नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं शमीर के कब्जे से तमंचा, कारतूस, पीली धातु के आभूषण, सफेद धातु की एक जोड़ी तोड़िया, ₹6 हजार नकद और एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अलावा पन्नी और पर्स में रखे अन्य आभूषण भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पूछताछ में कई घटनाओं का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी हुसैन के साथ मिलकर ‘सिद्ध बाबा’ बनकर लोगों को ठगते थे। हुसैन आगे चलता था और दोनों आरोपी पीछे रहकर लोगों को विश्वास दिलाते थे कि बाबा सिद्ध है और हरिद्वार से आया है। इसके बाद महिलाओं को अनहोनी का डर दिखाकर उनके जेवरात और नकदी ठग लिए जाते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मंगलपुर क्षेत्र में महिलाओं को झांसे में लेकर जेवरात और नकदी ठगी। रसूलाबाद क्षेत्र में भी महिला और युवती को डराकर जेवरात व रुपये लिए थे। इसके अलावा जिंदानिवादा बस स्टॉप के पास दो महिलाओं से जेवरात, मोबाइल और नकदी ठगने की बात भी स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपियों ने सिकंदरा क्षेत्र में महिला से झुमके और मंगलसूत्र छीनने तथा औरैया के अछल्दा कस्बे में महिला से सोने की चेन ठगने की घटना में शामिल होना भी स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन घटनाओं से मिले जेवरात को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शाहरूख के खिलाफ कानपुर देहात के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं शमीर के खिलाफ भी रसूलाबाद, मंगलपुर, सिकंदरा और औरैया के अछल्दा थाने में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी हुसैन की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित मामलों और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।











