जिला चिकित्सालय को सीएसआर के माध्यम से मिला 30 केवीए ट्रांसफार्मर, रक्तदान शिविर का हुआ शुभारंभ

 

‘रक्तदान महादान’ के संदेश के साथ जिला चिकित्सालय में शुरू हुआ रक्तदान शिवि

कानपुर देहात। स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अकबरपुर/जिला चिकित्सालय अकबरपुर में फ्रंटियर एलाय स्टील्स के सौजन्य से सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध कराए गए 30 केवीए ट्रांसफार्मर का जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर उद्घाटन किया। यह ट्रांसफार्मर जिला चिकित्सालय की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा चिकित्सा सेवाओं के सुचारु संचालन में उपयोगी होगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. अमरीश गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के उपरांत जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने स्माल इंडस्ट्रीज एवं मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. अमरीश गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में हमारे द्वारा दिया गया रक्त अमूल्य योगदान होता है। स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त की उपलब्धता आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों के सहयोग से आयोजित ऐसे शिविरों से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटना के शिकार व्यक्ति, प्रसूता, गंभीर मरीज अथवा जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से बिना किसी संकोच के स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरत के समय किसी दूसरे व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए अधिक से अधिक लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में विद्युत, स्वच्छता, दवा, जांच एवं उपचार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को निर्देशित किया कि सभी मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा उपस्थित मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर औद्योगिक संगठन के सदस्य हरदीप राखरा, फ्रंटियर एलाय स्टील्स से मनु भाटिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला डॉ. वंदना सिंह सहित मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग एवं औद्योगिक संगठन के अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें