बारिश से प्रभावित रगौली मार्ग पर जिला प्रशासन ने दिखाई सख्ती , आवागमन के लिए तत्काल कराई अस्थायी व्यवस्था

 

अस्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार, ह्यूम पाइप की चार पंक्तियां स्थापित कर यातायात सुचारु रखने के किए गए इंतजाम; स्थायी लघु सेतु का निर्माण भी तेज गति से जारी

जालौन में विगत दो दिनों से हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण ग्राम रगौली संपर्क मार्ग के किलोमीटर-1 पर रगौली ग्राम के समीप मलंगा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से तेज जलप्रवाह के कारण निर्माणाधीन लघु सेतु के पार्श्व में डाली गई मिट्टी का कटान हो गया। इससे आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मौके पर सुरक्षा एवं आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की। निर्माणाधीन 5×5 मीटर आरसीसी लघु सेतु के कारण वाहनों के सुगम आवागमन के लिए पहले से ही सेतु के पार्श्व में ह्यूम पाइप की चार पंक्तियां स्थापित कर अस्थायी वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) बनाया गया था। अत्यधिक वर्षा के कारण जलप्रवाह बढ़ने पर सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा टेप एवं बालू से भरी बोरियां लगाकर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए गए तथा यातायात को नियंत्रित किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। जलस्तर कम होते ही विभाग द्वारा जेसीबी एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से मिट्टी भराव तथा डायवर्जन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और अति शीघ्र डायवर्जन को दुरुस्त कर सामान्य आवागमन पूरी तरह बहाल किया जाए।मार्ग पर आवागमन सुचारु रखने के लिए ह्यूम पाइप के माध्यम से वैकल्पिक अस्थायी व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त ग्राम रगौली से मुख्य शहर को जोड़ने के लिए वर्तमान में दो वैकल्पिक कच्चे मार्ग भी उपलब्ध हैं, जिनसे सामान्य वाहनों का आवागमन संचालित हो रहा है।जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा स्थायी आरसीसी लघु सेतु के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अत्यधिक वर्षा एवं जलप्रवाह के कारण उत्पन्न परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा तथा आवागमन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ मौके की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें