कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया सामाजिक अधिकारिता शिविर का शुभारंभ।
एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत लाभार्थियों को जीवन सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता का दिया संदेश।
सामाजिक अधिकारिता शिविर में 2,154 सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण
स्थान : नगर पालिका परिसर, पुखरायां, जनपद कानपुर देहात

कानपुर देहात। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एडिप (ADIP) एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिसर, पुखरायां में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व में आयोजित परीक्षण शिविरों के माध्यम से चिन्हित 461 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों (131 दिव्यांगजन एवं 330 वरिष्ठजन) को लगभग 49 लाख 54 हजार रुपये मूल्य के 2,154 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान द्वारा किया गया। शिविर का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधीन कार्यरत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर एवं जिला प्रशासन, कानपुर देहात के सहयोग से किया गया।
शिविर में जनपद कानपुर देहात के विभिन्न विकास खंडों में पूर्व में आयोजित परीक्षण शिविरों में चिन्हित लाभार्थियों को एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के जीवन सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को अधिक स्वावलंबी, सक्षम एवं सशक्त बनाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठजनों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, एकता एवं सामाजिक समरसता का भाव परिलक्षित हुआ।
इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगण, उप जिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र कुमार, एसीएमओ सुखलाल वर्मा, अधिशासी अधिकारी पुखरायां, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम, एलिम्को के महाप्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक एवं उप प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक जीवन में अधिक सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।









