कानपुर देहात में उर्वरक दुकानों पर छापेमारी, 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 17 नमूने लिए

कानपुर देहात। जिलाधिकारी के आदेश पर किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए 7 अगस्त को जिले की सभी तहसीलों में संयुक्त टीमों ने उर्वरक प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 25 प्रतिष्ठानों पर छापे डालकर 17 उर्वरक के नमूने लिए गए, जबकि अनियमितता मिलने पर 5 प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
भोगनीपुर तहसील में उप कृषि निदेशक और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने पुखरायां स्थित आदर्श ट्रेडिंग कंपनी, श्याम ट्रेडर्स और तिवारी खाद भंडार का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान बिना पूर्व सूचना के बंद मिलने पर तीनों को नोटिस जारी किया गया। कृषक सेवा केंद्र पुखरायां और एग्री जंक्शन वन स्टॉप शॉप सिटमारा से उर्वरक के नमूने लिए गए।
अकबरपुर में जिला कृषि अधिकारी और नायब तहसीलदार की टीम ने कई प्रतिष्ठानों से उर्वरक के नमूने लिए। शिव खाद भंडार पर रेट, स्टॉक और फॉर्म बोर्ड अपडेट न मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
डेरापुर क्षेत्र में भी उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर डीएपी समेत अन्य उर्वरकों के नमूने लिए गए। स्टॉक, वितरण रजिस्टर और रेट बोर्ड अपडेट न मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया। इसके अलावा सिकंदरा और मैथा तहसील में भी संयुक्त टीमों ने छापेमारी कर उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाना है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें