कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने पीएसी कर्मी के घर हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, चांदी की पायल, सोने की नाक की कील, तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 300 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को झींझक निवासी रंजना दुबे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काशीराम कॉलोनी, लगरथा रोड से 22 वर्षीय अभिषेक दुबे उर्फ प्रदुम्न दुबे को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 2 अगस्त की रात बंद पड़े मकान में चोरी की थी और चोरी का सामान काशीराम कॉलोनी में छिपा दिया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल की किस्त भरने के लिए चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।












