ओवरटेक के बाद अचानक ब्रेक लगने से ट्रकों की भिड़ंत, चालक गंभीर घायल

 

आवारा पशु को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसा चालक, जिला अस्पताल रेफर

कालपी (जालौन)। कालपी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम थमना के समीप मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जोल्हूपुर से कदौरा की ओर जा रहे एक ट्रक की पीछे से दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोल्हूपुर से कदौरा की ओर जा रहे एक ट्रक के आगे चल रहे अज्ञात ट्रक ने तेज गति से ओवरटेक किया। इसी दौरान सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने के कारण उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। चालक के अनुसार, एक ओर डिवाइडर और दूसरी ओर बाइक होने के कारण वह ट्रक को किसी भी दिशा में मोड़ नहीं सका और उसका ट्रक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक शिवकुमार पुत्र सोहनलाल, निवासी ग्राम बरहीगढ़, जनपद कानपुर नगर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय उरई रेफर कर दिया।

घायल चालक शिवकुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद आगे चल रहा ट्रक चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उसने बताया कि वह ट्रक का नंबर या अन्य पहचान संबंधी जानकारी नहीं देख सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

आर० एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें