सावन के प्रथम सोमवार पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने भूरेश्वर मंदिर का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, स्वच्छता, पेयजल एवं यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश, निरीक्षण उपरांत भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की

जालौन। सावन के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर ग्राम सरावन स्थित प्राचीन भूरेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए मंदिर परिसर में व्यवस्थित बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखा जाए। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाए तथा कंट्रोल रूम से प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर एवं मार्गों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रहे, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा शौचालयों की नियमित सफाई कराई जाए। प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट तैनात रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा अग्निशमन एवं एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन पूरी सतर्कता के साथ किया जाए। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा लगातार गश्त करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ दर्शन-पूजन कर सकें।
निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्राचीन भूरेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें