मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत कानपुर देहात में उड़द, मूंग एवं मूंगफली की खरीद हेतु कुल 17 क्रय केंद्र अनुमोदित।

कानपुर देहात। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रीष्म जायद विपणन मौसम वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत जनपद कानपुर देहात में उड़द, मूंग एवं मूंगफली (जायद) की खरीद के लिए विभिन्न क्रय एजेंसियों के माध्यम से अब तक कुल 17 क्रय केंद्रों का अनुमोदन किया गया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा संबंधित क्रय एजेंसियों को नियमानुसार खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी क्रय केंद्रों पर पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जनपद में पीसीएफ के माध्यम से कुल 04 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे। इनमें पीसीएफ मूंग खरीद केंद्र पुखरायां, बी-पैक्स लक्ष्मणपुर पिलख, किसान एग्रो विजन मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड (झींझक) तथा प्रकृति एग्रो एण्ड एलाइड मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड (अकबरपुर) शामिल हैं।
इसी प्रकार यूपीपीसीयूएस के माध्यम से 03 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें दिव्यांचल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (झींझक), तड़ियावन अन्नपूर्णा एफपीओ (पुखरायां) तथा बी-पैक्स बनीपारा (झींझक) शामिल हैं।
जेफेड के माध्यम से 02 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे, जिनमें बहुआयामी एग्रो फार्मर एफपीओ (पुखरायां) तथा एम-पैक्स डीग (भोगनीपुर) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पीसीयू (PCU) के माध्यम से 08 क्रय केंद्रों का अनुमोदन किया गया है। इनमें चार बी-पैक्स क्रय केंद्र—बी-पैक्स बानबाजार (डेरापुर), बी-पैक्स गौरीहसनपुर (सिकंदरा), बी-पैक्स सैथा (अकबरपुर) एवं बी-पैक्स विशायकपुर (अकबरपुर) तथा चार एफपीओ/प्रोड्यूसर कंपनी आधारित क्रय केंद्र—जनरेशन ग्रीन्स फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड (पुखरायां मंडी), इण्डो आर्या एग्रो प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड (झींझक मंडी), नित्या फेस एग्रो प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड (अकबरपुर मंडी) तथा अच्युत प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड (झींझक मंडी) शामिल हैं।
जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया है कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, तौल, भुगतान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो।
उन्होंने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अपनी उड़द, मूंग एवं मूंगफली की उपज केवल अधिकृत क्रय केंद्रों पर ही विक्रय करें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए संबंधित केंद्र प्रभारी अथवा कृषि विभाग से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि शासन किसानों के हितों के संरक्षण एवं उनकी आय में वृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक पात्र किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें