डेरापुर तहसील दिवस में भूमि विवाद और मंदिर प्रकरण से जुड़ी शिकायतें, ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार

 

डेरापुर, कानपुर देहात। डेरापुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे और सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

थाना क्षेत्र के कुढ़ावल गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंदिर में ताला लगाकर भीम आर्मी का झंडा लगाए जाने की घटना के बाद कुछ लोग उन्हें अनुसूचित जाति उत्पीड़न सहित अन्य झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपित लोग 30–40 लोगों के साथ गांव पहुंचकर दोबारा झंडा लगाने और दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा गांव में शांति व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं थाना क्षेत्र के अर्सुन की मड़ैया निवासी हरिशंकर पुत्र अयोध्या प्रसाद ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उदनापुर स्थित गाटा संख्या 311, 312, 324 एवं 325 की भूमि पर उनका लगभग 40 वर्षों से कब्जा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी कन्हैयालाल, श्याम सुंदर और अशोक न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करते हुए बार-बार खेत की जुताई में हस्तक्षेप कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार खेत में बोई गई बाजरे की फसल को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है और इस मामले में पूर्व में मारपीट के मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं।

इसी क्रम में मडनापुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र पूरन लाल ने भी जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि मौजा विसोहा स्थित गाटा संख्या 1040 की उनकी पुश्तैनी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। पीड़ित ने प्रशासन से भूमि की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें