कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक अकबरपुर-रनियां प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को रामजानकी महाविद्यालय, बैरी सवाई में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लगभग 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, बिजली, जलभराव, सड़क निर्माण तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले प्रमुख रहे। राज्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।









