उरई। सदस्य, राज्य महिला आयोग अनुपमा सिंह लोधी ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में महिलाओ ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचीं। सदस्य ने महिलाओं की शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी महिला के साथ अन्याय, उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मामलों तथा अन्य महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए, ताकि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
सदस्य ने उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं तथा महिला अधिकारों की जानकारी भी दी। उन्होंने महिलाओं से कहा की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना किसी भय के अपनी शिकायत संबंधित विभागों अथवा राज्य महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।
आज सदस्य के समक्ष कुल 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिन्हें नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।












