जनसंदेश 24 समाचार सेवा
मलासा (कानपुर देहात)। विकासखंड मलासा के अंतर्गत ग्राम ततारपुर के मौजा वहापुर में पिछले 15 दिनों से दो विद्युत ट्रांसफार्मर फुंके पड़े हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बिजली आपूर्ति जैनपुर फीडर से होती है, जो राजपुर के पास स्थित है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में बिजली व्यवस्था ठप पड़ी है। बरसात के मौसम में बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है और लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामवासियों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों और लाइनमैन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने भी उनकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी कानपुर देहात से मांग की है कि तत्काल दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को बदलवाकर गांव की विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि लोगों को बिजली और पेयजल की समस्या से राहत मिल सके तथा उनका जनजीवन सामान्य हो सके।












