भाजपा पर हमलावर हुए पूर्व मंत्री बेरिया
यूपी में उखड़ जाएगी भाजपा सरकार – अरुण कुमार बबलू राजा
कार्यकर्ता सम्मेलन में शिवकुमार बेरिया बोले— सपा सरकार के काम आज भी गिनाए जाते हैं, भाजपा बताए एक दशक में क्या किया
रसूलाबाद कानपुर देहात। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच रसूलाबाद में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक शिवकुमार बेरिया ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनावी मंचों पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा अब जनता को अपने 10 वर्षों के विकास का हिसाब देने से बच नहीं सकती। उन्होंने दावा किया कि रसूलाबाद में आज जो बड़े विकास कार्य दिखाई देते हैं, उनकी नींव समाजवादी सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी और कुछ काम तभी पूरे हुए और कुछ बाद में पूरे हुए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, नगर क्षेत्र में फोरलेन मार्ग व डिवाइडर, अलग बिजलीघर, राजकीय आईटीआई, वीवीआईपी गेस्ट हाउस, फायर स्टेशन, छह नदियों पर पुल, हवाई पट्टी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अनेक विकास कार्य कराए गए तथा गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के नेता हर चुनाव में नए वादों का पिटारा लेकर आते हैं, लेकिन रसूलाबाद की जनता अब वादों से नहीं, पिछले दस वर्षों के काम का हिसाब मांग रही है। बेला मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आवाहन किया। सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष समरथ पाल, प्रमोद यादव, हाजी फैजान खान, जिला पंचायत सदस्य मटल्लू यादव, पुष्पेंद्र यादव, निर्देश यादव, पी.एस. वर्मा, गोपाल गुप्ता, आलोक बाजपेयी, प्रदीप दुबे, गुड्डू यादव, पूर्व चेयरमैन राजकुमार यादव, के.के. यादव, कुलदीप संखवार, वीरू कुशवाहा, महफूज खान, अतहर खान भुट्टो, सौरभ सिंह यादव, मुमताज अहमद, कुंवर रब्बानी खान, रूबी यादव, सभासद फरहान मिनी, हाशिम खान, डॉ. नरेंद्र सिंह, मयंक सिंह गौर, ब्रजकिशोर राजपूत, राजू भदौरिया, भूरा बेरिया, शरद द्विवेदी, इश्तियाक कुरैशी, इंद्रेश तिवारी, बादल खान, अजय यादव, मलखान सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।












