कानपुर देहात। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रविवार को रसूलाबाद क्षेत्र के धर्मगढ़ बाबा मंदिर और रूरा क्षेत्र के बाणेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि तथा कांवड़ यात्रा के सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न होने की कामना की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवाजाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, लगातार पैदल गश्त और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












