जनसंदेश 24 समाचार सेवा
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रविवार को शिवली थाना क्षेत्र की ओनहां चौकी तथा रसूलाबाद थाना क्षेत्र की कहिंजरी और असालतगंज पुलिस चौकियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकियों के कार्यालय, अभिलेख, शस्त्र, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अभिलेखों के नियमित और गुणवत्तापूर्ण रख-रखाव के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई के मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने, महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग एवं अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने कहिंजरी कस्बे में पैदल गश्त कर बाजार और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही पुलिस बल को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने आगामी कानून-व्यवस्था, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार करते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।












