श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी ने शिवली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

कानपुर देहात। श्रावण माह और कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाना शिवली क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसपी ने कल्याणपुर तिराहा, बैरी सवाई तिराहा, कानपुर नगर बॉर्डर, मैथा नहर पुल चौराहा, निवादा और भाभा तिराहा का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, निर्बाध आवागमन, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पिकेट और ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से अपने दायित्व निभाएं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें