कानपुर देहात – जनपद कानपुर देहात के कृषकों को जिला उद्यान अधिकारी डॉ बल्देव प्रसाद ने सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत विभिन्न बागवानी गतिविधियों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, पपीता, आम एवं अमरूद के क्षेत्र विस्तार के साथ-साथ मशरूम उत्पादन, मसाला फसलों (प्याज एवं लहसुन) का क्षेत्र विस्तार, पौधशालाओं की स्थापना, हल्दी एवं जिमीकंद जैसी फसलों के प्रोत्साहन हेतु सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त योजना के अंतर्गत औषधीय फसलें जैसे रजनीगंधा, पामारोजा, सतावर एवं लेमनग्रास, जल संरक्षण हेतु व्यक्तिगत तालाब निर्माण तथा प्लास्टिक मल्चिंग जैसे घटकों पर भी अनुदान की व्यवस्था की गई है। किसानों को इन योजनाओं के माध्यम से बागवानी एवं संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना के विभिन्न घटकों पर 40 से 50 प्रतिशत तक का अनुमन्य अनुदान डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक कृषक 31 जुलाई 2026 तक उद्यान विभाग की वेबसाइट www.dbt.uphorticulture.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के उपरांत मूल आवेदन पत्र, खतौनी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, विकास भवन, माती, कानपुर देहात में जमा करना आवश्यक होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान विकास भवन माती स्थित जिला उद्यान कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा योजना प्रभारी श्री धरमपाल (मोबाइल: 7652024326) से संपर्क कर सकते हैं।












