रोजगार सृजन एवं युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर हुई विस्तृत चर्चा
कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला कार्यकारी समिति की बैठक संबंधित अधिकारियों के साथ मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई।
बैठक में रोजगार सृजन, युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, रोजगार मेलों के आयोजन तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुसार रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। रोजगार मेलों का नियमित आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा रोजगार प्रदाता संस्थानों एवं अभ्यर्थियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने मिशन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा रोजगार से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जय गोविंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










