17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा “सेवा संकल्प अभियान”

 

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गरिमापूर्ण आयोजन के दिए निर्देश

शुक्ल तालाब पर 17 सितम्बर को होगा जनपद स्तरीय “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, रैली, प्रतियोगिताओं एवं सेवा शिविरों सहित होंगे विविध आयोजन

जनभागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सामने लाने पर जो

कानपुर देहात। आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के सकुशल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन के संबंध में जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट स्थित माॅ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में अधिकारियों, समस्त उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों, अधिशाषी अधिकारियों नगर निकाय तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान” का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्धारित तिथि एवं स्थान पर माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रमों का गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो कवरेज कराते हुए निर्धारित माध्यम से जनपद स्तर पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए कार्यक्रमों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अवगत कराया गया कि अभियान के तहत 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका जनपद स्तरीय आयोजन शुक्ल तालाब पर होगा, जहां सायं 07 बजे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता से दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसी दिन रक्तदान शिविर एवं दिव्यांगजन कल्याण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का आयोजन विकास खण्डों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी किया जाएगा।
17 सितम्बर से 07 अक्टूबर के मध्य “मेरे सपनों का भारतः चित्र सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही “नवों सेवाः अनकहीं कहानियां” के अंतर्गत नगर निकायों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक, बदलाव की कहानी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का मंचन किया जाएगा।
“आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं “सेवा की कहानी” के माध्यम से नागरिकों के जीवन में शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा। अभियान के दौरान “सेवा ज्योति कलश यात्रा”, “विकसित भारत का संकल्प” के अंतर्गत साइकिल रैली, बाइक रैली एवं पैदल रैली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अखण्ड ज्योति की स्थापना भी की जाएगी।
“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को जनसहभागिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में अपना योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, नदी एवं घाटों की सफाई, सघन वृक्षारोपण, रक्तदान तथा अन्य जनहितकारी गतिविधियां शामिल हैं। इसी क्रम में “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद स्तर पर रंगोली निर्माण कराया जाएगा। “सेवा सेतु अभियान” के तहत प्रत्येक विकास खण्ड में 07 दिवसीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आमजन को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंतर्गत “सुशासन सेवा संवाद”, “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज” सहित अन्य विविध जनकल्याणकारी, जनजागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम का पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विभागीय समन्वय से प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा आयोजन के उपरांत संबंधित गतिविधियों की रिपोर्ट एवं फोटो-वीडियो सामग्री जनपद स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें