गोविंद तिवारी बने जिला अध्यक्ष, सुभाष मिश्रा जिला महासचिव एवं राम जानकी मिश्रा महिला सभा की जिला अध्यक्ष नियुक्त
बरौर (कानपुर देहात)। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के कस्बा बरौर में रविवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवचंद तिवारी ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव राघव अग्निहोत्री ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव राघव अग्निहोत्री ने कहा कि समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर देश और प्रदेश को नई दिशा देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए युवाओं से नशामुक्त रहने, शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए मतदाता बनने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन पूरे प्रदेश के 75 जिलों में जनजागरण अभियान चला रहा है ताकि समाज को एकजुट कर सामाजिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा, “जो ब्राह्मण हित की बात करेगा, वही देश में राज करेगा।” साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी राजनीतिक राय भी व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन का विस्तार करते हुए गोविंद तिवारी को जिला अध्यक्ष, सुभाष मिश्रा को जिला महासचिव, राम जानकी मिश्रा को महिला सभा की जिला अध्यक्ष, पवित्र मोहन त्रिपाठी को जिला उपाध्यक्ष तथा अखिल द्विवेदी (सरमनखेड़ा) को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया। उन्होंने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कमलेश उपाध्याय, रविंद्र नाथ, राजू पाठक, आशुतोष मिश्रा, आर्यन शुक्ला, बाबू दीक्षित, भूप नारायण त्रिपाठी, कामतानाथ अवस्थी, राजेश अवस्थी, शिवनाथ त्रिपाठी, विवेक दीक्षित, ओमप्रकाश दुबे, शिवमोहन तिवारी, हरिओम अवस्थी, अरुण कुमार दुबे, लक्ष्मीकांत दुबे, गुड्डू अवस्थी, मुन्ना तिवारी, अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











