उरई। प्रदेश के समस्त पॉलिटेक्निक संस्थानों में समस्त ग्रुप की (फार्मेसी छोड़कर) संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक)-2026 की चल रही काउंसलिंग का तृतीय चरण दिनांक 21-07-2026 से प्रारंभ हो रहा है। जनपद जालौन के सहायता केन्द्र राजकीय पॉलीटेक्निक उरई व राजकीय पॉलीटेक्निक माधौगढ़ बनाए गए हैं। जनपद जालौन काउन्सिलिंग प्रभारी राघवेन्द्र सिंह ने अवगत कराया है कि काउन्सिलिंग में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी को सर्व प्रथम अपने लॉगिन आईडी पासवर्ड के द्वारा पोर्टलhttps://jeecup.admissions.nic.in पर लॉगिन करते हुए प्रवेश हेतु विगत वर्ष- 2025 की ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक का अध्ययन कर चयनित संस्था/पाठ्यक्रम के विकल्पों को अधिकाधिक संख्या में पोर्टल पर प्रविष्ट करना उचित होगा। राजकीय पॉलीटेक्निक उरई में 201 सीट के सापेक्ष 161 सीट आवंटित हो चुकी हैं तथा राजकीय पॉलीटेक्निक माधौगढ़ में 246 सीट के सापेक्ष 172 सीट पर अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा कर दिया है। डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन प्रवक्ता गौसुद्दीन, विनय कुमार, करिश्मा गुप्ता ,सतीश कुमार, प्रकाश गुप्ता व मनोज अहिरवार द्वारा जनपद के सहायता केन्द्र पर प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक निर्धारित तिथियों में किया जा रहा है। फ्लॉट/फ्रिज का विकल्प चयन करने की दशा में अभ्यर्थी को निर्धारित सीट एक्सेप्टेंस शुल्क एवं काउन्सिलिंग शुल्क कुल 3250/- पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा। डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के समय अभ्यर्थी अपने समस्त मूल प्रमाण पत्र, दो सैट छायाप्रतियों के साथ, दो नवीनतम फोटोग्राफ, दो फाइल कवर के साथ सहायता केन्द्र पर उपस्थित हों, अभ्यर्थी भलीभांति जांच कर लें कि उन्होंने जिस श्रेणी में आवेदन किया है उसका प्रमाण पत्र डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के समय होना अनिवार्य है। सीट आवंटन के पश्चात सीट एक्सेप्टेंस शुल्क एवं काउन्सिलिंग शुल्क न जमा करने वाले अभ्यर्थी अथवा अभिलेख सत्यापन न करवाने वाले अभ्यर्थियों की आवंटित सीट, निरस्त हो जाएगी। ऐसे अभ्यर्थी काउन्सिलिंग के अगले चरण के लिए पात्र नहीं होंगे। परन्तु ऐसे सभी अभ्यर्थी चतुर्थ चरण से पुनः काउन्सिलिंग में प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थी काउन्सिलिंग से संबंधित किसी भी समस्या के लिए किसी भी कार्य दिवस में राजकीय पॉलीटेक्निक उरई व राजकीय पॉलीटेक्निक माधौगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।










