पुखरायां (कानपुर देहात)। आगामी 20 जुलाई को बरौर स्थित शुक्ला गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाले विशाल ब्राह्मण सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के पदाधिकारियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रदेश महासचिव राघव अग्निहोत्री ने अपने साथियों के साथ भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा कर ब्राह्मण समाज के लोगों से संपर्क किया और उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने पंचलख, अंगूरी, गौरीकरन, कृपालपुर, बरौर सहित अनेक गांवों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर संगठन की एकता और शक्ति का परिचय देने की अपील की।
प्रदेश महासचिव राघव अग्निहोत्री ने कहा कि यह सम्मेलन ब्राह्मण समाज के संगठन को मजबूत करने, समाज की समस्याओं पर विचार-विमर्श करने तथा नई कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने सभी ब्राह्मण बंधुओं से परिवार सहित सम्मेलन में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जगदीश तिवारी, गोविंद तिवारी, रमाकांत तिवारी, राहुल तिवारी, नितेश द्विवेदी, रिंकू तिवारी, वीरू द्विवेदी, रिंकू द्विवेदी, जयचंद तिवारी, मेजर साहब, सुभाष तिवारी, अनिल द्विवेदी, राजेश द्विवेदी, आशुतोष द्विवेदी, राजनारायण त्रिपाठी, सुशील बाजपेई सहित दर्जनों समाजसेवी एवं ब्राह्मण समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिलेगा और 20 जुलाई का ब्राह्मण सम्मेलन जनपद कानपुर देहात में संगठन की एक नई मिसाल स्थापित करेगा।












