पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा पुखरायां में समाजवादी पार्टी द्वारा PDA जन पंचायत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामआसरे विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद नारायण दास अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने किया।
अपने संबोधन में सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को आपसी भाईचारा, एकजुटता और संगठन की मजबूती के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए समाजवादी सरकार का गठन आवश्यक है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज किसान खाद, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं तथा केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
मुख्य अतिथि रामआसरे विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों को सम्मान और भागीदारी देने का कार्य यदि किसी ने किया है तो वह श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया है। उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव प्रदेश में भाजपा के विरुद्ध मजबूती से संघर्ष कर रहे हैं और समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके सिपाही के रूप में जनता के बीच कार्य कर रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि नेताजी ने सामाजिक न्याय की भावना के साथ उन्हें एमएलसी और मंत्री बनने का अवसर दिया था, जो समाजवादी विचारधारा की पहचान है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि रामआसरे विश्वकर्मा का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जिस किसी भी प्रत्याशी को टिकट देंगे, संगठन उसे विजयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा और मजबूती से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए लोकसभा चुनाव में संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद नारायण दास अहिरवार को 31,025 मतों से विजय दिलाकर संसद भेजा गया था। इसी संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाने का कार्य किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजा रामपाल ने भी अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता लाखन सिंह यादव, पूर्व विधायक दिलीप सिंह कल्लू यादव,नरेंद्र पाल, मनु, इंजी राम अवतार यादव,राम सिंह यादव, अकील अहमद, पवन विश्वकर्मा, महेश विश्वकर्मा, रमेश विश्वकर्मा, काशिफ खान, डाक बाबू यादव, वीरेंद्र सिंह चौहान, रंजीत पासवान, राम नारायण कठेरिया, हिमांशु यादव, हाजी अकील अहमद, अरविंद यादव, योगेंद्र राठौर, विजय बहादुर सिंह चौहान, नसरीन अख्तर, सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने PDA (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता, सामाजिक न्याय और संगठन की मजबूती पर बल देते हुए वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।













