कानपुर देहात। सिकंदरा थाना पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूटपाट कर उनके बैंक खातों से UPI के जरिए रुपये उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के 800 रुपये नकद और पीड़ित का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 की रात डेरापुर के प्रताप नगर निवासी मोहम्मद तालिब को चार पहिया वाहन सवार बदमाशों ने अगवा कर लूट लिया था। आरोपियों ने उनसे 3,000 रुपये नकद और वीवो V29 मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्हें खेत की ओर ले जाकर धमकाते हुए मोबाइल का स्क्रीन लॉक और गूगल पे (UPI) पिन हासिल कर लिया तथा उनके खाते से 7,300 रुपये ऑनलाइन अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित की शिकायत पर सिकंदरा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुशील चंद, प्रशांत कुमार तथा पुलिस टीम ने 9 जुलाई 2026 को सूर्या फ्लाईओवर के नीचे बने यात्री प्रतीक्षालय से मुख्य आरोपी हसनैन उर्फ कैश (21 वर्ष), निवासी कालपी, जनपद जालौन को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों अभिनय खन्ना, राजा और असद बाबा के साथ सिकंदरा उर्स मेले में कव्वाली देखने आया था। लौटते समय उन्होंने मोहम्मद तालिब को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने लूटी गई ऑनलाइन रकम अपनी-अपनी माताओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की, जिनका संचालन वे स्वयं करते थे। बाद में रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात













