कानपुर देहात। सिकंदरा क्षेत्र में पहली मानसूनी बारिश ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के गड्ढा मुक्त सड़क के दावों की पोल खोल दी है। ऐतिहासिक मुगल रोड पर जलालापुर, सिकंदरा, मदियापुर, जैनपुर से लेकर राजपुर तक करीब 15 किलोमीटर के दायरे में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी संतोष, सुनीता, सलमान, आसिफ, सुखवीर, सुखनंदन, रघुनाथ और सलीम ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत और पैचवर्क में मानकविहीन सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण पहली ही बारिश में सड़क उखड़ गई। उनका कहना है कि इन गड्ढों की वजह से आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं।
वहीं ट्रक चालकों रघुनंदन, संतोष और सुनील ने बताया कि भारी रोड टैक्स और टोल चुकाने के बावजूद सड़क की हालत बेहद खराब है। गहरे गड्ढों के कारण ट्रकों के कमानी-पट्टे टूट रहे हैं और टायर भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी जमा रहता है, जिससे सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है।
मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सड़क की बदहाली का मुख्य कारण जलभराव और क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का संचालन है। उनके अनुसार मुगल रोड पर 120 से 130 टन तक बालू और मौरंग लदे ओवरलोड वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल निकासी की व्यवस्था कर जल्द ही सभी गड्ढों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराई जाएगी।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात













