कानपुर देहात। चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोगनीपुर पुलिस, अकबरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 1 लाख 18 हजार 200 रुपये नकद, चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल तीन बदमाश मोटरसाइकिल से मलासा रोड की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चांदबाबू पुत्र सरवर निवासी भगवंतपुर थाना घाटमपुर, उमर पुत्र अल्लारक्खू निवासी मलिकपुर थाना जहांनाबाद जनपद फतेहपुर तथा अरवाज उर्फ राजा पुत्र निसार निवासी निबियाखेड़ा थाना सजेंती जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन में बंद और सुनसान मकानों की रेकी करते थे तथा रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह ने कानपुर देहात के भोगनीपुर, अकबरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाएं की थीं। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित नकदी, आभूषण, चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध असलहे और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में भी आरोपियों के खिलाफ थाना भोगनीपुर में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













