उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक में निवेश, रोजगार और उद्यमी हितों पर विशेष जोर, अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश
जालौन में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण तथा श्रमिक हितों के प्रभावी संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों तथा श्रमिकों से जुड़े प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में निवेश एवं उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।उन्होंने निर्देश दिए कि उद्योगों की स्थापना, विस्तार, विद्युत, जलापूर्ति, राजस्व, प्रदूषण, परिवहन तथा अन्य विभागों से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनमें अधिकारी आपसी तालमेल के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, धमकी अथवा आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील भी की।
बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े विषयों की भी समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाया जाए तथा श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार और श्रमिक—ये तीनों विकास के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और इनके बीच बेहतर समन्वय से ही जनपद के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ, उपायुक्त उधोग धर्मेंद्र भास्कर, उपायुक्त राज्य कर अमित यादव आदि सहित अधिकारी व व्यापारी बंधु, उधोग बंधु मौजूद रहे।













