अवैध खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, दो पोकलैंड मशीनें सीज, पट्टाधारक समेत अन्य संलिप्त व्यक्तियों पर एफआईआर

 

पट्टा सीमा से बाहर खनन करते पकड़े गए संचालक, सरफराज खान उर्फ सोले खां व जावेद हबीब भी मौके पर गतिविधियों में संलिप्त पाए गए

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम ने तहसील कालपी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त शिकंजा कसा है। टीम द्वारा भेड़ी-04 स्थित रवि प्रताप कॉन्ट्रैक्टर के खनन पट्टे पर औचक निरीक्षण किया गया, जहां जांच के दौरान निर्धारित पट्टा क्षेत्र की सीमा से बाहर अवैध रूप से खनन कार्य संचालित होता पाया गया।निरीक्षण के दौरान मौके पर दो पोकलैंड मशीनें अवैध खनन कार्य में संलिप्त मिलीं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। जांच में लुकेशन पर यह भी पाया गया कि पट्टाधारक के साथ सरफराज खान उर्फ सोले खां एवं जावेद हबीब भी उक्त अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त थे तथा मौके पर उनकी भूमिका सामने आई। जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर पट्टाधारक सहित संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जिला टास्क फोर्स ने मौके पर खनन क्षेत्र का सीमांकन सत्यापित किया, आवश्यक अभिलेखों की जांच की तथा साक्ष्य संकलित किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खनिज संपदा के अवैध दोहन, पट्टा शर्तों के उल्लंघन तथा राजस्व को क्षति पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिला टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान पूरी सफलता के साथ जारी रहेगा । संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी सुनिश्चित की जा रही है । जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं वैध खनन व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें