कानपुर देहात। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइंस माती में जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था एवं जनसमस्याओं की समीक्षा की।
बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रेनुका सचान, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, सभी क्षेत्राधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, जनअपेक्षाओं और सुझावों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। एडीजी ने सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, महिला एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करते हुए पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया जाए।













